September 11, 2026

स्कूलों में सांपों की एंट्री रोकने के लिए एडवाइजरी

हरियाणा में 1107 निजी स्कूल RTE नियमों के उल्लंघन और दस्तावेज न देने पर ब्लैकलिस्ट किए गए।

Faridabad/Alive News: बारिश के मौसम और इसके बाद स्कूलों में सांप दिखाई देने की घटनाओं को देखते हुए शिक्षा विभाग ने सभी गवर्नमेंट स्कूल के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें स्कूल परिसर को साफ रखने और सांपों के छिपने या भवन में घुसने की जगहों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में घास, खरपतवार और झाड़ियों की नियमित कटाई कराने के साथ ही कूड़ा-कचरा और बेकार सामान के ढेर हटाने को कहा गया है।

विभाग का कहना है कि बारिश के बाद घनी झाड़ियां, कूड़ा, निर्माण सामग्री और चूहों की संख्या बढ़ने से स्कूल परिसर में सांप आने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा भवन में मौजूद छोटे-बड़े गैप और दरारें भी सांपों के अंदर आने का रास्ता बन सकती हैं। ऐसे में कक्षाओं, शौचालय, रसोई, स्टोर, खेल मैदान और चारदीवारी के आसपास झाड़ियां नहीं उगने देने के निर्देश दिए गए हैं। एडवाइजरी में स्कूल परिसर से ईंट, पत्थर, लकड़ी, पुराने टायर, निर्माण सामग्री और बेकार फर्नीचर के ढेर हटाने को कहा गया है। साथ ही स्कूल को कूड़ा-कचरा और दूसरे वेस्ट से फ्री रखने के निर्देश दिए गए हैं। अगर स्कूल में चूहों या दूसरे कृन्तकों की समस्या है तो उसे कंट्रोल करने के लिए जरूरी कदम उठाने होंगे।

भोजन सामग्री को सुरक्षित और बंद जगह पर रखने और खाने का वेस्ट खुले में नहीं डालने को कहा गया है। इसके अलावा दरवाजों के नीचे मौजूद बड़े गैप, दीवार और फर्श की दरारों के साथ पाइप और नालियों के आसपास की खुली जगहों को भी बंद करना होगा। जरूरत पड़ने पर नालियों और भवन के खुले हिस्सों पर जाली या ग्रिल लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

क्या कहना है अधिकारी का

सभी सरकारी स्कूलों को सूचित किया जा चुका है कि किसी भी स्कूल में घास, खरपतवार, झाड़ियों, कूड़ा-कचरा और बेकार सामान के जल्द से जल्द हटाए जाए। साथ ही स्टूडेंट को भी कहा गया है कि वह ऐसी जगह न जाए जहां पर सांप का खतरा हो। 

– बसंत कुमार ढिल्लों, डीईईओ