Faridabad/Alive News: बादशाह खान नागरिक अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के बावजूद उनकी पहचान और निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल में आठ महिला और 11 पुरुष समेत करीब 19 सुरक्षा कर्मी तैनात बताए जा रहे हैं, लेकिन मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि इनमें से कई कर्मचारी निर्धारित ड्रेस में नजर नहीं आते। ऐसे में किसी विवाद या आपात स्थिति में मरीजों को यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि सुरक्षा के लिए किस कर्मचारी से संपर्क किया जाए।
मरीजों के अनुसार अस्पताल में समय-समय पर होने वाले विवाद और लड़ाई-झगड़े के दौरान भी सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी को लेकर सवाल उठते रहे हैं। आरोप है कि कुछ सुरक्षा कर्मी नियमित ड्यूटी पर नहीं पहुंचते और इसके बावजूद उनकी हाजिरी व वेतन से जुड़ी व्यवस्था बनी हुई है। महिला सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लेबर रूम और डिलीवरी रूम के बाहर, जबकि पुरुष कर्मियों की तैनाती अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में है।
कार्यवाहक पीएमओ डॉ. विकास गोयल ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों को करीब डेढ़ माह पहले ड्रेस उपलब्ध करा दी गई थी। इसके बावजूद कुछ कर्मी ड्रेस पहनकर ड्यूटी नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।

