Faridabad/Alive News: डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद ब्रांच और लायंस क्लब सेंट्रल फरीदाबाद के सहयोग से शिक्षक दिवस मनाया गया। इस दौरान शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। एनसीसी कैडेटों और बीएजेएमसी के विद्यार्थियों ने महाविद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों का पुष्पवर्षा, सलामी और तिलक लगाकर स्वागत किया।
महाविद्यालय की यज्ञशाला में हवन का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षकों ने आहुति देकर विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने और एक अच्छे शिक्षक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। स्टाफ सेक्रेटरी एवं यजमान डॉ. अर्चना सिंघल ने कहा कि शिक्षक दिवस राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षक को केवल विषय पढ़ाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों के लिए एक अच्छे गुरु की भूमिका भी निभानी चाहिए, ताकि उनमें अच्छे संस्कार और गुण विकसित हो सकें।
कार्यक्रम में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के असिस्टेंट सेक्रेटरी पुरुषोत्तम सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रामायण का उदाहरण देते हुए युवाओं को अच्छे विचारों को तुरंत जीवन में अपनाने और बुरे विचारों से दूर रहने की सीख दी। उन्होंने रेड क्रॉस की नशामुक्ति पहल का जिक्र करते हुए युवाओं को नशामुक्त समाज बनाने के लिए प्रेरित किया।
पूर्व शिक्षक, मोटिवेशनल स्पीकर और लाइफ कोच प्रो. (डॉ.) एम.पी. सिंह ने शिक्षक की भूमिका और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर विचार रखे। लायंस क्लब के अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता लायन दीपक विजय ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। लायन एन.के. गुप्ता ने शिक्षकों से युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। शिक्षा के प्रति समर्पण और योगदान के लिए शिक्षकों को अतिथियों ने मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मंच संचालन डॉ. सोनिया शर्मा और कर्मण्य सैनी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. योगेश शर्मा ने दिया।

