Faridabad/Alive News: महारानी श्री वैष्णो देवी मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। देर रात तक मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजता रहा।
जन्माष्टमी के मौके पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया था। दिल्ली और मथुरा से आए कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां तैयार कीं। श्रद्धालुओं ने इन झांकियों का आनंद लिया और भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
सुबह प्रात:कालीन आरती और विशेष पूजा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। भगवान श्रीकृष्ण के लिए विशेष झूला तैयार किया गया, जिसमें लड्डू गोपाल को विराजमान कर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। मंदिर संस्थान की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया।
रात 12 बजते ही हुआ श्रीकृष्ण जन्म का उत्सव
रात 12 बजते ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया गया। इस दौरान आतिशबाजी की गई और मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए। मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने श्रद्धालुओं के साथ केक काटकर जन्मोत्सव मनाया। लड्डू गोपाल को भोग लगाने के बाद प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं को विशेष रूप से चूरमे का प्रसाद भी खिलाया गया।
भक्तों के साथ अतिथियों ने भी की पूजा
मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने शहरवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के बारे में बताया और सभी से मिलकर पूजा-अर्चना में हिस्सा लेने का आह्वान किया।
इस मौके पर उद्योगपति आनंद मल्होत्रा, गुलशन भाटिया, अनिल ग्रोवर, सुरेंद्र गेरा, नेतराम गांधी, विनोद पांडे, प्रीतम धमीजा, रमेश सहगल, मनमोहन गुप्ता, प्रदीप झा, रोहित भाटिया, पार्षद मनोज नसवा, बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार बोहरा, हरिकृष्ण वर्मा, शेर सिंह और कैलाश गुगलानी समेत कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जगदीश भाटिया ने अतिथियों को प्रसाद और माता की चुनरी भेंट की।

