September 4, 2026

पलवल-दिल्ली के बीच 8 लोकल ट्रेनें रद्द, 15 अक्टूबर तक यात्रियों की बढ़ी परेशानी

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर विकास कार्य के चलते लोकल ट्रेनें रद्द

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों के कारण पलवल-दिल्ली रेलमार्ग पर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रेलवे ने 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक पलवल से दिल्ली, गाजियाबाद और शकूरबस्ती के बीच चलने वाली 8 ईएमयू और लोकल ट्रेनों को रद्द किया है। इन ट्रेनों से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को अब दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

रद्द की गई ट्रेनों में 64015 पलवल-शकूरबस्ती, 64057 पलवल-गाजियाबाद, 64012 शकूरबस्ती-पलवल, 64013 पलवल-शकूरबस्ती, 64052 गाजियाबाद-पलवल, 64078 नई दिल्ली-पलवल, 64908 शकूरबस्ती-बल्लभगढ़ और 64071 बल्लभगढ़-शकूरबस्ती शामिल हैं।

रात में रेलवे का ब्लॉक रहेगा

रेलवे के अनुसार फरीदाबाद स्टेशन पर विकास कार्य रात के समय किया जाएगा। 1 सितंबर और 15 अक्टूबर को रात 12:05 बजे से 2:35 बजे तक ढाई घंटे का ब्लॉक रहेगा। वहीं, 2 सितंबर से 14 अक्टूबर तक रोजाना रात 12:05 बजे से 3:05 बजे तक तीन घंटे का ब्लॉक रहेगा।

रेलवे का कहना है कि रात में काम कराने का उद्देश्य सुरक्षा के साथ विकास कार्य को जल्द पूरा करना है, ताकि दिन के समय ट्रेनों का संचालन कम से कम प्रभावित हो।

लोकल ट्रेन पास के बावजूद देना पड़ रहा किराया

पलवल-दिल्ली के बीच बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग, विद्यार्थी और अन्य यात्री रोजाना लोकल ट्रेनों से सफर करते हैं। ट्रेनें रद्द होने के कारण यात्रियों को अब बस, मेट्रो या अन्य परिवहन साधनों पर अतिरिक्त पैसा खर्च करना पड़ रहा है।

यात्रियों कमलेश कुमार, बृजेश कुमार, रोशनी और ज्योति ने बताया कि उनके पास लोकल ट्रेन का पास है, लेकिन ट्रेनें रद्द होने के कारण फरीदाबाद और दिल्ली आने-जाने के लिए दूसरे वाहनों का किराया देना पड़ रहा है।

यात्रियों ने रेलवे से मांग की है कि काम के दौरान उनके लिए वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था की जाए, ताकि रोजाना सफर करने वाले लोगों को राहत मिल सके।