September 25, 2026

श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान इंडिगो विमान खंभे से टकराया, 200 यात्री सुरक्षित

श्रीनगर एयरपोर्ट पर खंभे से टकराया इंडिगो विमान

Srinagar/Alive News: श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह इंडिगो का एक विमान पार्किंग के दौरान खंभे से टकरा गया। नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) बे नंबर-6 पर पार्क की जा रही थी। इसी दौरान विमान का अगला हिस्सा खंभे से टकरा गया और क्षतिग्रस्त हो गया।

विमान में करीब 200 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। हादसे के बाद सभी को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है। यात्रियों को मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों की मदद से विमान से बाहर निकाला गया।

हादसे की वजह की जांच जारी

घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। विमान पार्किंग के दौरान जिस खंभे से टकराया, वह विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) का हिस्सा है। यह सिस्टम विमान को पार्किंग बे में सही स्थान तक पहुंचाने और सुरक्षित तरीके से पार्क करने में मदद करता है।

हादसे के बाद घटना की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि टक्कर की सही वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य बताया जा रहा है और अन्य उड़ानें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रही हैं।