September 3, 2026

एस्ट्रल के नाम पर नकली CPVC पाइप बेचने वाला गिरफ्तार, 810 पाइप बरामद

फरीदाबाद में एस्ट्रल के नाम से बरामद नकली CPVC पाइप

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली सामान बेचने के मामले में अपराध शाखा AVTS भूपानी की टीम ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एस्ट्रल कंपनी के लोगो लगे 810 नकली CPVC पाइप बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, IMPACTIVE BRAND SOLUTIONS LLP के जांच अधिकारी और एस्ट्रल लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि ने इस्माइलपुर क्षेत्र में नकली पाइप बेचे जाने की शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर 2 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने कंपनी प्रतिनिधियों के साथ KISSAN POLYMERS, 33 फुट चंगी रोड, अजय नगर, इस्माइलपुर पर जांच की। दुकान से एस्ट्रल के लोगो वाले 810 नकली CPVC पाइप मिले। इसके बाद थाना पल्ला में मामला दर्ज किया गया।

मामले में पुलिस ने देवेन्द्र निवासी मिठापुर, दिल्ली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि वह अजय नगर में हार्डवेयर की दुकान चलाता है। पुलिस के मुताबिक, वह दिल्ली से ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली सामान सस्ते दामों में खरीदकर लाता था और उसे असली बताकर अधिक कीमत में बेचता था।

आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में नकली सामान की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।