November 3, 2026

दिवाली मेले में स्थानीय युवतियों ने रैंप पर दिखाई प्रतिभा, पार्षद ने भी की वॉक

Faridabad/Alive News: ग्रीनफील्ड रेजिडेंशियल सोसायटी की ओर से आयोजित 22वें ग्रीनफील्ड परिवार दिवाली मेले में स्थानीय युवतियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला। मेले के दूसरे दिन आयोजित ब्राइडल फैशन शो में युवतियों ने आकर्षक परिधानों में रैंप वॉक कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। इस दौरान निगम पार्षद वीरेंद्र भड़ाना ‘बिन्दे’ ने भी रैंप वॉक कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में 90 के दशक के सदाबहार गीतों ने भी लोगों का मनोरंजन किया। पुराने गीतों पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने आनंद लिया। मेले में खरीदारी और खान-पान के स्टॉल भी लगाए गए थे, जहां लोगों की भीड़ रही।

पार्षद वीरेंद्र भड़ाना ने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। साथ ही क्षेत्र के लोगों को एक मंच पर मिलने और आपसी भाईचारा मजबूत करने का मौका मिलता है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।