Faridabad/Alive News: हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फरीदाबाद, गुरुग्राम और रेवाड़ी यूनिटों ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए चार महीने के अभियान के दौरान तीनों यूनिटों ने कुल 45 मामले दर्ज कर 50 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो प्रमुख संजय कुमार के निर्देशन और डीआईजी राजेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में 11 मामले कमर्शियल क्वांटिटी के पाए गए, जो संगठित तस्करी नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं।
इस दौरान पुलिस टीमों ने 283.8 ग्राम हेरोइन, 163.7 ग्राम एमडीएमए, 52.16 ग्राम कोकीन, 13.88 किलोग्राम गांजा, 10,104 नशीली गोलियां व कैप्सूल, 386 नशीले इंजेक्शन और 32 बोतल कोडीन सिरप बरामद की है। हेरोइन की सबसे ज्यादा बरामदगी (लगभग 72 प्रतिशत) फरीदाबाद यूनिट द्वारा की गई, जबकि गुरुग्राम यूनिट ने सबसे अधिक 7 कमर्शियल मामले दर्ज किए।
डीआईजी राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि ब्यूरो का मुख्य लक्ष्य केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर नशे के मुख्य स्रोत और सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ना है। उन्होंने बताया कि सख्त कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं को जागरूक करने के लिए तीनों यूनिटों द्वारा 31 जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।

