Faridabad/Alive News: गृह विभाग ने सुनपेड़ गांव में नई पुलिस लाइन बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। यहां पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के निवास बनाए जाएंगे। विभाग गांव की पंचायत से 19 एकड़, चार कनाल और 15 मरले भूमि खरीदेगा। यह भूमि गांव की पंचायत की है। योजना की मंजूरी का पत्र खंड कार्यालय और पंचायत के पास आ चुका है।
सुनपेड़ गांव की पंचायत ने अपनी भूमि पर पुलिस लाइन बनाने के लिए 28 नंवबर-2025 को प्रस्ताव पारित करके सरकार को दिया था। इस प्रस्ताव को ग्राम सभा ने भी स्वीकृति दी थी। यह प्रस्ताव उपायुक्त के माध्यम से 27 मई-2026 को गृह विभाग के पास पहुंचा। गृह विभाग ने इस योजना को मंजूरी दे दी है।
पंचायत को 80 करोड़ के लगभग भूमि की कीमत दी जाएगी
विभाग ने एक एकड़ भूमि की कीमत चार करोड़ रुपये पंचायत को देने का फैसला लिया है। यह भूमि पंचायत को कीमत देने के बाद पूरी तरह से गृह विभाग की हो जाएगी। पंचायत को 80 करोड़ के लगभग भूमि की कीमत दी जाएगी। इस भूमि का पुलिस के उच्च अधिकारी भी दौरा कर चुके हैं।
गांव के सरपंच गजेंद्र सिंह रावत का कहना है कि उन्होंने पंचायत की भूमि पुलिस लाइन बनाने के लिए दी है। यहां पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे। क्षेत्र की कानून व्यवस्था अच्छी बनी रहेगी। हर पुलिस लाइन में डीएवी स्कूल खोला जाता है। यहां पर डीएवी स्कूल खोला जाएगा।
आबादी के हिसाब से फरीदाबाद प्रदेश का सबसे बड़ा जिला
डीएवी स्कूल में आसपास के गांवों के बच्चे घर के नजदीक अच्छी शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। यह क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। वैसे आबादी के हिसाब से फरीदाबाद प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है। इस स्थिति में जल्दी ही बल्लभगढ़ भी जिला बनने वाला है। इसे भी ध्यान में रखते हुए पुलिस लाइन बनाई जानी है।
वर्जन
गृह विभाग ने सुनपेड़ गांव की पंचायत की भूमि में पुलिस लाइन बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इसके आदेश आ चुके हैं। जल्दी ही भूमि खरीदने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। पंचायत की भूमि की कीमत चार करोड़़ रुपये प्रति एकड़ निर्धारित की है। पंचायत को करीब 80 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
– अंशु डागर, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी बल्लभगढ़

