International/Alive News: अमेरिकी नौसेना का एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन बुधवार सुबह थाईलैंड के लाम चाबांग पोर्ट पहुंचा। जहाज पर करीब 5,000 अमेरिकी सैनिक तैनात हैं, जो पिछले करीब 9 महीनों से तैनाती पर हैं। सैनिकों को अब 5 दिन के आराम और छुट्टी के लिए पटाया ले जाया जाएगा।
USS अब्राहम लिंकन के साथ अमेरिकी नौसेना के दो अन्य जहाज भी थाईलैंड पहुंचे हैं। सैनिकों को बसों के जरिए लाम चाबांग से करीब 96 किलोमीटर दूर पटाया ले जाने की तैयारी है।
सैनिकों के लिए कुछ इलाकों में जाने पर पाबंदी
BBC की रिपोर्ट के अनुसार, थाई अधिकारियों ने अमेरिकी सैनिकों को पटाया के कुछ ऐसे इलाकों में जाने से रोकने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जो देह व्यापार और एडल्ट नाइटलाइफ के लिए जाने जाते हैं।
सैनिकों को पटाया की कई नाइटलाइफ जगहों पर जाने की अनुमति है, लेकिन सोई-6 इलाके में जाने पर रोक लगाई गई है। सोई-6 पटाया का चर्चित नाइटलाइफ क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में एडल्ट एंटरटेनमेंट बार हैं।
थाई पुलिस ने अमेरिकी सैनिकों को यह भी बताया है कि देश में वेश्यावृत्ति कानूनन प्रतिबंधित है। इसके अलावा सैनिकों को ड्रग्स और गांजा बेचने वाली दुकानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
सैनिकों के पहुंचने से पहले पुलिस की कार्रवाई
अमेरिकी सैनिकों के पटाया पहुंचने से पहले थाई पुलिस ने शहर में देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी कर करीब 50 सेक्स वर्कर्स को हिरासत में लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य अमेरिकी सैनिकों के दौरे के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना बताया जा रहा है।
5 दिन पटाया में रहेंगे अमेरिकी सैनिक
अमेरिकी सैनिक करीब 9 महीने की तैनाती के बाद पटाया में 5 दिन का ब्रेक बिताएंगे। इस दौरान थाई अधिकारियों ने उन्हें स्थानीय कानूनों का पालन करने और प्रतिबंधित गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी है।

