Faridabad/Alive News: जिला पुलिस ने डबुआ कॉलोनी में एशियन पेंट्स के नाम और पैकिंग का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल कर नकली पेंट बेचने के मामले का भंडाफोड़ किया है। अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने दो दुकानों पर छापेमारी कर एशियन पेंट्स के नाम वाली 79 भरी और 154 खाली बाल्टियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, उसे सूचना मिली थी कि डबुआ कॉलोनी की कुछ दुकानों पर एशियन पेंट्स के नाम और पैकिंग का इस्तेमाल कर नकली पेंट तैयार किया जा रहा है। आशंका थी कि इस सामान को ग्राहकों को असली कंपनी का उत्पाद बताकर बेचा जा रहा था। सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने दोनों दुकानों पर कार्रवाई की।
पहली दुकान से 79 भरी बाल्टियां बरामद
पुलिस टीम ए-ब्लॉक में मकान नंबर 843 के पास स्थित एक दुकान पर पहुंची। वहां मौजूद बबलू ने पुलिस को बताया कि दुकान प्रदीप की है और वह पारिवारिक काम से आगरा गया हुआ है। तलाशी के दौरान दुकान से एशियन पेंट्स के अलग-अलग उत्पादों के नाम वाली 79 भरी हुई बाल्टियां बरामद हुईं। इसके अलावा खाली बाल्टियां, ढक्कन, लॉक और हैंडल भी मिले। पुलिस ने अलग-अलग उत्पादों के नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए हैं।
दूसरी दुकान से मिलीं 154 खाली बाल्टियां
इसके बाद पुलिस टीम डबुआ-भाखरी रोड स्थित गांव भाखरी की दूसरी दुकान पर पहुंची। तलाशी में यहां एशियन पेंट्स के नाम और पैकिंग वाली 154 खाली बाल्टियां और ढक्कन बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि पेंट और खाली बाल्टियां इन दुकानों तक कहां से पहुंचीं और इस कारोबार में कितने लोग शामिल हैं।
कंपनी के ब्रांड के गलत इस्तेमाल का आरोप
कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि एशियन पेंट्स के ब्रांड और कॉपीराइट का गलत इस्तेमाल कर कथित तौर पर नकली उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। इससे कंपनी को आर्थिक नुकसान होने के साथ ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की आशंका भी जताई गई है।
मामले में थाना डबुआ पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) तथा कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और 65 के तहत केस दर्ज किया है। अपराध शाखा एनआईटी के एसआई सुनील कुमार मामले की जांच कर रहे हैं।

