August 27, 2026

एनआईटी नंबर-1 मार्केट में जूते-चप्पल की दुकान पर हमला और लूट, 9 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: एनआईटी नंबर-1 मार्केट में जूते-चप्पल की दुकान पर हमला, तोड़फोड़ और लूटपाट के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन, रितिक, हिमांशु, लक्ष्य उर्फ लक्कू, नितिकेश, अभिषेक, अनिकेत, समीर और प्रेम निवासी ब्लॉक-सी, टाउन नंबर-2, एनआईटी फरीदाबाद के रूप में हुई है।

घटना 25 अगस्त की रात की है। पुलिस जांच में सामने आया कि अमन टाउन नंबर-1 की मार्केट में मौजूद था और उसने शराब पी रखी थी। शिकायतकर्ता द्वारा स्कूटी का हॉर्न बजाने पर वह गुस्सा हो गया और उसके साथ गाली-गलौच करने लगा। इसके बाद अमन ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।

आरोप है कि इसके बाद सभी आरोपी दुकान में घुस गए और दुकानदार व उसके परिजनों के साथ लाठी-डंडों और रॉड से मारपीट की। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ नकदी भी लूट ली।

घटना के संबंध में दुकानदार राजकुमार, निवासी एनआईटी फरीदाबाद की शिकायत पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि शहर में गुंडागर्दी और बदमाशी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।