August 27, 2026

साइबर ठगी के चार मामलों में 7 आरोपी गिरफ्तार, लाखों रुपये की ठगी का खुलासा

Faridabad/Alive News: साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ और साइबर थाना एनआईटी की टीमों ने चार अलग-अलग मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ठगी में उनकी भूमिका और अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 6.76 लाख की ठगी

पहले मामले में फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 6.76 लाख रुपये ठगे गए थे। साइबर थाना बल्लभगढ़ ने इस मामले में जयकिशन निवासी सोनीपत और शुभम गुप्ता निवासी अलवर, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की रकम जिस खाते में आनी थी, उसके खाताधारक को दिल्ली में अपने पास रखा था। खाताधारक सचिन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर 2.32 लाख की ठगी

दूसरे मामले में ठगों ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर पीड़ित से एक लिंक पर उसकी कार्ड संबंधी जानकारी भरवाई। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से 2,32,647 रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली निवासी हिमांशु फुलारा और दिनकर को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दिनकर के खाते में ठगी की रकम में से 25 हजार रुपये आए थे, जबकि हिमांशु ने ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराया था। दोनों को जेल भेज दिया गया है।

पानी के बिल के नाम पर APK फाइल भेजकर 15.34 लाख उड़ाए

तीसरे मामले में एक स्कूल के बैंक खाते से 15,34,699 रुपये निकाल लिए गए थे। पुलिस के अनुसार, स्कूल के अकाउंटेंट के मोबाइल नंबर पर ट्रांजेक्शन के OTP और पैसे कटने के मैसेज आने के बाद ठगी का पता चला। जांच में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी निवासी रामशंकर को गिरफ्तार किया है। वह CSC सेंटर चलाता है और उसके वॉलेट खाते में ठगी की रकम में से 2 लाख रुपये आए थे। आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 9.66 लाख की ठगी

चौथे मामले में साइबर थाना एनआईटी ने शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 9.66 लाख रुपये ठगने के आरोप में दिल्ली निवासी एक महिला और हाथरस निवासी नितिन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पहले गिरफ्तार किए जा चुके खाताधारकों राहुल और वैधवर्मन के बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे। दोनों आरोपी ठगी की रकम को खातों से निकलवाकर आगे ठगों तक पहुंचाते थे। दोनों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी से सावधान रहने और किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर निवेश, बैंकिंग या KYC से जुड़े लिंक और फाइलें डाउनलोड न करने की अपील की है।