Faridabad/Alive News जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से ‘वीकली स्किल बूस्ट’ श्रृंखला के तहत मीडिया विद्यार्थियों के लिए ‘फंडामेंटल्स ऑफ प्रोफेशनल फोटोग्राफी’ विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता वीरेंद्र अधिकारी और अतुल ने विद्यार्थियों को प्रोफेशनल फोटोग्राफी की तकनीकों और रचनात्मक पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी दी।
विभागाध्यक्ष प्रो. पवन सिंह ने बताया कि ‘वीकली स्किल बूस्ट’ श्रृंखला का उद्देश्य विद्यार्थियों को मीडिया उद्योग से जुड़ी व्यावहारिक स्किल्स से परिचित कराना है। कार्यशाला के माध्यम से एमएजेएमसी के विद्यार्थियों को फोटोग्राफी की मूलभूत तकनीकों के साथ-साथ प्रोफेशनल स्तर पर फोटोग्राफी करने के तरीके सीखने का अवसर मिला।
कार्यशाला के दौरान कैनन कंपनी के विशेषज्ञों ने हार्ड लाइट और सॉफ्ट लाइट के बीच अंतर समझाया। उन्होंने बताया कि अलग-अलग प्रकार की रोशनी तस्वीर के मूड और प्रभाव को किस तरह बदल सकती है। इसके अलावा रूल ऑफ थर्ड, कम्पोजीशन और कैमरा एंगल के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि सही फ्रेमिंग, संतुलित कम्पोजीशन और उपयुक्त कैमरा एंगल तस्वीर को अधिक आकर्षक और प्रभावशाली बना सकते हैं।
विद्यार्थियों को कैमरा सेटिंग्स का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। विशेषज्ञों ने आईएसओ और शटर स्पीड को आवश्यकता के अनुसार एडजस्ट कर बेहतर तस्वीर लेने की तकनीक समझाई। विद्यार्थियों ने स्वयं कैमरे की सेटिंग्स में बदलाव कर विभिन्न परिस्थितियों में फोटोग्राफी का अभ्यास किया।
विशेषज्ञों ने कहा कि एक बिगिनर से प्रोफेशनल फोटोग्राफर बनने के लिए केवल कैमरा चलाना सीखना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए लगातार अभ्यास, रचनात्मक सोच और तकनीकी समझ विकसित करना भी जरूरी है।

