Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के तिगांव थाना क्षेत्र के गांव मोजाबाद में 42 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच DLF ने 24 घंटे के अंदर मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शव को घर के पास गड्ढे में दबाकर छिपा दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, मृतक श्यामवीर गांव मोजाबाद स्थित अपने मकान में रहता था। उसके साथ आरोपी कामत भी रहता था। पुलिस जांच में सामने आया कि कामत के मृतक की पत्नी केशव के साथ कथित संबंध थे। श्यामवीर को इसकी जानकारी हो गई थी और इसी बात को लेकर घर में विवाद होता था।
पुलिस का आरोप है कि पत्नी केशव और कामत ने मिलकर श्यामवीर की हत्या की योजना बनाई। 16 अगस्त की शाम कामत ने श्यामवीर को शराब पिलाई। जब वह नशे में हो गया तो कथित तौर पर इंटरलॉकिंग टाइल से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी। वहीं, पत्नी ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि आवाज बाहर न जा सके। इसके बाद दोनों ने शव को घर के पास गड्ढे में दबाकर छिपा दिया।
24 अगस्त को फरीदाबाद कंट्रोल रूम से थाना तिगांव पुलिस को जमीन में शव दबे होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला। मृतक के भाई रामबीर की शिकायत पर हत्या की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
क्राइम ब्रांच DLF ने कार्रवाई करते हुए केशव निवासी हाथरस, उत्तर प्रदेश और कामत निवासी महोबा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। दोनों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

