August 25, 2026

फरीदाबाद में हरियाली का संकल्प, मानव सेवा समिति ने लगाए पौधे

फरीदाबाद सेक्टर-8 में पौधारोपण करते मानव सेवा समिति के सदस्य

Faridabad/Alive News: मानव सेवा समिति ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘पौधा लगाओ, उसे हरा-भरा पेड़ बनाओ’ अभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत मंगलवार को राजकीय महिला पॉलिटेक्निक स्कूल, सेक्टर-8 में गुलमोहर, नीम, अमलतास और केले समेत 11 पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है। पौधारोपण कार्यक्रम तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित सुरक्षा और देखभाल की जाए, ताकि वे बड़े होकर हरे-भरे और सुंदर पेड़ बन सकें।

महिला पॉलिटेक्निक की प्रिंसिपल मीनू वर्मा ने कहा कि समिति की ओर से पहले भी संस्थान परिसर में कई पौधे लगाए गए थे और नियमित देखभाल के कारण वे आज हरे-भरे पेड़ बन चुके हैं।

समिति की वन एवं पर्यावरण सेल की प्रभारी प्रतिमा गर्ग ने बताया कि वन विभाग फरीदाबाद की ओर से समिति को 5 से 6 फीट ऊंचाई वाले 51 फलदार और छायादार पौधे उपलब्ध कराए गए हैं। इन पौधों को समिति के सदस्यों के सहयोग से पार्कों और खाली स्थानों पर लगाया जा रहा है।

समिति के महासचिव सुरेंद्र जग्गा ने बताया कि अभियान का अगला पौधारोपण कार्यक्रम 29 अगस्त को सरकारी प्राइमरी स्कूल, सेक्टर-9 में आयोजित किया जाएगा। इसमें कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में प्रतिमा गर्ग, संतोष दहिया, सरिता गुप्ता, मीनाक्षी बंसल, आरके सिंगला, प्रनिता, ममता, सोनिया, संदीप, सविता, कविता, पूजा गोयल, विजय मल्होत्रा, प्रवेश, मनोज, पारस धींगरा, आशीष और भरत सहित समिति के सदस्य व स्कूल स्टाफ मौजूद रहे।