October 25, 2026

भाखरी में डंपिंग यार्ड के विरोध में महापंचायत, आर-पार की लड़ाई का ऐलान

रिहायशी इलाकों में कूड़ा डालने के खिलाफ जुटे कई क्षेत्रों के लोग, पैदल मार्च निकालकर जताया विरोध

Faridabad/Alive News: भाखरी में प्रस्तावित डंपिंग यार्ड के विरोध में रविवार को लोगों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। गांव भाखरी के राजकीय माध्यमिक स्कूल में आयोजित सर्वसमाज की महापंचायत में भाखरी समेत आसपास के कई क्षेत्रों से सैकड़ों लोग जुटे। लोगों ने साफ कहा कि रिहायशी इलाकों के बीच डंपिंग यार्ड किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। पंचायत के बाद लोगों ने प्रस्तावित स्थल तक पैदल विरोध मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।

महापंचायत की अध्यक्षता पूर्व मेयर डॉ. अतर सिंह ने की। इसमें नवादा, सैनिक कॉलोनी, बड़खल, पाली, अनखीर, फतेहपुर चंदीला, मेवला, अनंगपुर और विभिन्न सोसायटियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बड़खल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विजय प्रताप ने लोगों से शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से आंदोलन जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की कमियों का खामियाजा जनता को नहीं भुगतना चाहिए और किसी भी हालत में यहां कूड़ा नहीं डालने दिया जाएगा।

वार्ता तक कूड़ा नहीं डालने का आश्वासन

विरोध मार्च के दौरान मौके पर पहुंचे ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने लोगों को शांत कराया और सरकार से बातचीत के लिए एक दिन का समय मांगा। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात तय किए जाने की बात कही गई। साथ ही आश्वासन दिया गया कि बैठक होने तक डंपिंग यार्ड में कूड़ा नहीं डाला जाएगा।

पंचायत में डंपिंग यार्ड के मुद्दे पर समिति बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसमें भाखरी के साथ बड़खल, पाली, सैनिक कॉलोनी और आसपास की सोसायटियों के लोगों को शामिल करने की बात कही गई। पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रस्ताव वापस लेने तक आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।