August 25, 2026

होटल कर्मचारी पर पिस्टल तानने के मामले में हथियार उपलब्ध कराने वाला गिरफ्तार

फरीदाबाद होटल कर्मचारी पर पिस्टल तानने के मामले में पुलिस कार्रवाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-12 कोर्ट मोड़ स्थित चंदीला फूड होटल के कर्मचारी पर पिस्टल तानकर जान से मारने की कोशिश के मामले में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव ने हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव चंदावली निवासी अभिषेक ने थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी। उसने बताया कि 20 मई की सुबह करीब 5:30 बजे वह होटल में अपने साथी अशोक और अन्य कर्मचारियों के साथ मौजूद था। इसी दौरान कार में सवार तीन युवक होटल पहुंचे और उसे ऑर्डर के बहाने बुलाया।

आरोप है कि कार के पास पहुंचते ही युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान कार में बैठे एक युवक ने पिस्टल निकालकर उसकी छाती पर तान दी और गोली चलाने की कोशिश की। अभिषेक ने बचाव करते हुए होटल कर्मचारियों की मदद से पिस्टल छीन ली। शिकायत के आधार पर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने देव फोगाट निवासी गांव फतेहपुर बिल्लोच, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि देव और रोहित दोस्त हैं और देव ने रोहित को पिस्टल उपलब्ध कराई थी। इस मामले में रोहित समेत तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, देव के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े समेत 12 मामले दर्ज हैं। मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।