Faridabad/Alive News: अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के लिए फरीदाबाद पुलिस ने 22 और 23 अगस्त को दो दिन का विशेष वीकेंड अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान जिलेभर में अपराधियों, नशा तस्करों, अवैध शराब, जुआ और उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान थाना पुलिस, अपराध शाखा और स्पेशल टीमों ने 136 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 38 उद्घोषित अपराधियों और जमानत पर फरार आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
28 गुमशुदा लोगों को परिजनों से मिलाया
अभियान के दौरान पुलिस ने 28 गुमशुदा लोगों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया। पुलिस के अनुसार, इससे परिवारों को राहत मिली और उनके चेहरों पर खुशी लौटी।
शराब, गांजा और अवैध हथियार बरामद
वीकेंड अभियान में पुलिस ने अवैध नशे और हथियारों के खिलाफ भी कार्रवाई की। पुलिस ने 86 बोतल अवैध शराब, 4 लीटर कच्ची शराब, 520 ग्राम गांजा और दो देसी कट्टे बरामद किए।
इसके अलावा जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹23,840 की नकदी बरामद की गई।
अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित माहौल देना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि वीकेंड अभियान के जरिए अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध, नशा, अवैध हथियार, अवैध शराब और जुए जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आसपास किसी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दें।

