Faridabad/Alive News: नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल के बीच शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगम प्रशासन ने कूड़ा उठाने का काम तेज कर दिया है। निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के निर्देश पर शहर के अलग-अलग इलाकों में सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर जमा कूड़े को उठाया जा रहा है।
निगम अधिकारियों की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सफाई और कूड़ा उठान कार्य की निगरानी कर रही हैं। हड़ताल के बावजूद सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए नगर निगम अपने उपलब्ध संसाधनों के साथ-साथ निजी संस्थानों की भी मदद ले रहा है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, दिन में काफी देर तक बारिश होने के बावजूद शहर के कई हिस्सों से कूड़ा उठाने का काम जारी रहा। निगम का कहना है कि सफाई व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
निगम प्रशासन ने बताया कि हरियाणा सरकार ने कर्मचारियों की लगभग सभी मांगों को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है, जबकि कुछ मांगों पर अभी निर्णय होना बाकी है। निगम को उम्मीद है कि कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान होगा और सफाई व्यवस्था पहले की तरह सामान्य हो जाएगी।
निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने शहरवासियों से सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाला कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें। सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाएं।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम लगातार काम कर रहा है। निजी संस्थानों की मदद से भी कूड़ा उठान कराया जा रहा है और इस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

