August 24, 2026

राजीव कॉलोनी हत्याकांड में हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद राजीव कॉलोनी हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी मंगल

Faridabad/Alive News: राजीव कॉलोनी में 30 जून की रात युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मंगल निवासी जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 30 जून की रात राजीव कॉलोनी स्थित किराए के मकान की छत पर सो रहे विपिन यादव (26), निवासी विनायकपुर, जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश के सिर में गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वारदात के मुख्य आरोपी विजय (28), निवासी नंगला पीपल, जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश, हाल जसवंत नगर मोहल्ला, जिला इटावा को जेसीबी चौक के पास से गिरफ्तार किया था।

6 हजार रुपये में खरीदा था देसी कट्टा

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी विजय ने बताया कि उसने वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा और दो कारतूस मंगल से 6,000 रुपये में खरीदे थे। जांच में यह भी सामने आया कि मंगल और विजय पड़ोसी गांव के रहने वाले हैं।

मुख्य आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने मंगल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे अवैध हथियार उपलब्ध कराने और हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मंगल के खिलाफ मैनपुरी, उत्तर प्रदेश में पहले भी एक वर्कशॉप में अवैध तरीके से हथियार बनाने के संबंध में मामला दर्ज है।