August 23, 2026

सीजेपी की तरह नोएडा के स्कूल में घुसे आप नेता और बनाने लगे वीडियो, गुस्साए टीचर्स की शिकायत पर 5 के खिलाफ मामला दर्ज

Noida/Alive News: सीजेपी की तरह स्कूलों में घुसकर इंस्पेक्शन और वीडियो बनाने के मामलों के बीच आम आदमी पार्टी ने भी नोएडा में कुछ ऐसा ही करना शुरू कर दिया है।

नोएडा विधानसभा सीट से आप के टिकट पर विधायक का चुनाव लड़े पंकज अवाना ने स्कूल ठीक कराे  अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को नोएडा सेक्टर 51 के कंपोजिट स्कूल में घुसकर खामियों का वीडियो बनाया।

स्कूल स्टाफ और अध्यापकों ने विरोध किया। बिना अनुमति स्कूल में घुसने और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए शिक्षण कार्य प्रभावित होने का आरोप लगाया।

उच्च अधिकारियों को सूचना देते हुए पुलिस को बुलाया, लेकिन आप नेता वहां से चले गए। स्कूल अध्यापक सेक्टर 49 थाने में मामला दर्ज कराया है। वीडियो भी शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ।

वीडियो में आप नेता गिनाने लगे खामियां 

दो मिनट 20 सेकेंड के वीडियो में आप नेता पंकज आवाना सेक्टर 51 स्थित कंपोजिट स्कूल होशियारपुर में घुसकर वीडियो बनाते दिख रहे हैं। वह स्कूल परिसर में फैली गंदगी, गंदे शौचालय, ऊबड़-खाबड़ जमीन दिखाते हुए कह रहे हैं कि यह हाइटेक नोएडा है।

गंदगी देखकर कहा जा सकता है कि यहां पर सालों साल सफाई नहीं होती है। फंड का भी दुरुपयोग हो रहा है। जिले में आए दिन मुख्यमंत्री आते रहते हैं। उसके बाद यह हाल है। स्कूलों का निरीक्षण नहीं करने का नतीजा है, जबकि स्कूलों के कायाकल्प का दावा किया जा रहा हैं।

अध्यापकों ने बिना अनुमति प्रवेश का किया विरोध

वीडियो बनाने की जानकारी होने पर एक महिला अध्यापक वहां आती हैं। पीने के पानी से लेकर साफ सफाई होने का दावा करती है। वीडियो बनाने का विरोध करती हैं। बिना अनुमति स्कूल परिसर में आने का विरोध करती हैं।

अभद्रता करने का आराेप लगाती हैं। इस पर पंकज वीडियो के रूप में साक्ष्य होने और शालीनता के साथ अपनी बात रखने का दावा करते हैं।

शिक्षक की शिकायत पर 5 के खिलाफ केस

पंकज और अध्यापक के बीच नोकझोंक, अन्य शिक्षिका वीडियो बनाती दिखती हैं। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि शिक्षक सत्यवीर यादव की शिकायत पर पंकज समेत पांच के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कराई जा रही है।