August 23, 2026

फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील की हाजिरी होगी सख्त निगरानी में, तीन रिकॉर्ड में दर्ज होगी उपस्थिति

Faridabad/Alive News: सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील की हाजिरी में फर्जीवाड़ा और गड़बड़ी रोकने के लिए शिक्षा विभाग ने निगरानी व्यवस्था सख्त कर दी है। शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के बाद फरीदाबाद में भी मिड-डे मील से जुड़े रिकॉर्ड की जांच तेज कर दी गई है। पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की रोजाना हाजिरी अब पीएम पोषण ऐप, एमआईएस पोर्टल और स्कूल रजिस्टर में दर्ज करनी होगी।

डीईईओ बसंत कुमार ढिल्लों ने बताया कि स्कूलों में बच्चों की वास्तविक उपस्थिति और मिड-डे मील के लिए दर्ज संख्या का मिलान किया जाएगा। इसका मकसद फर्जी हाजिरी के जरिए योजना का गलत लाभ लेने की संभावना को रोकना है। क्लास टीचर रोजाना विद्यार्थियों की हाजिरी लेकर उपस्थित बच्चों की संख्या मिड-डे मील इंचार्ज को बताएंगे। इसके बाद संबंधित शिक्षक के हस्ताक्षर करवाकर इंचार्ज रजिस्टर में कुल उपस्थिति दर्ज करेगा।

विभाग डिजिटल रिकॉर्ड और स्कूल रजिस्टर का भी मिलान करेगा। किसी तरह का अंतर या अनियमितता मिलने पर संबंधित कर्मचारी और स्कूल प्रिंसिपल की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

खाना परोसने से पहले होगी जांच: स्कूल में मिड-डे मील पहुंचने के बाद कमेटी पहले की तरह खाने की गुणवत्ता की जांच करेगी। जांच के बाद ही बच्चों को खाना परोसा जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि योजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।