August 18, 2026

सरकारी स्कूलों की मरम्मत के लिए मिलेगा फंड, जल्द शुरू होंगे काम

Faridabad/Alive News: जिले के सरकारी स्कूलों की मरम्मत और जरूरी काम अब बजट के इंतजार में नहीं अटकेंगे। शिक्षा विभाग ने स्कूलों की जरूरत के हिसाब से मरम्मत कराने के लिए फंड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत सौ से कम स्टूडेंट वाले स्कूलों को 25 हजार रुपये और सौ से ज्यादा स्टूडेंट वाले स्कूलों को 50 हजार रुपये तक की राशि दी जाएगी। विभाग की ओर से रिपोर्ट तैयार होने के बाद जल्द ही बजट अलॉट किया जाएगा।

डीईईओ बसंत कुमार ढिल्लों ने बताया कि विभाग की तरफ से स्कूल हेड को अपने स्कूल की स्थिति की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें स्कूल में किन-किन जगहों पर मरम्मत की जरूरत है और कौन-कौन से काम कराने हैं, इसकी जानकारी देनी होगी। स्कूलों से रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग उसकी समीक्षा कर बजट अलॉट करेगा। स्कूल में मरम्मत का काम पूरा होने के बाद इसकी रिपोर्ट स्कूल के रिकॉर्ड में दर्ज की जाएगी। इसके बाद संबंधित रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी। विभाग का उद्देश्य है कि स्कूलों में जरूरी मरम्मत के काम समय पर पूरे हों और स्टूडेंट को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।