Faridabad/Alive News: फरीदाबाद यातायात पुलिस की मासिक समीक्षा बैठक डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसीपी ट्रैफिक जयबीर सिंह, आईपीएस ने की। इस दौरान एसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र सिंह, एसएचओ ट्रैफिक, यातायात निरीक्षक, जोनल अधिकारी और यातायात शाखा के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और विशेष अभियानों की समीक्षा की गई। डीसीपी ट्रैफिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाए। उन्होंने रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरतने और ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए, जहां इस तरह के मामले ज्यादा सामने आते हैं।
फरीदाबाद यातायात पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक 36,521 रॉन्ग साइड ड्राइविंग के चालान किए हैं। जुलाई 2026 में 5,247 और 1 से 16 अगस्त तक 3,767 चालान किए गए। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी नियमित नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बीएस-3 और पुराने वाहनों के खिलाफ चल रहे अभियान की भी समीक्षा की गई। एनसीआर में लागू नियमों के तहत 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। 1 से 16 अगस्त तक यातायात पुलिस ने ऐसे 198 वाहनों को इंपाउंड किया। जुलाई में 363 और जून में 261 वाहनों को इंपाउंड किया गया था।
डीसीपी ट्रैफिक ने बिना नंबर प्लेट, गलत नंबर प्लेट, काली फिल्म, गलत पार्किंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रखने को कहा। उन्होंने कहा कि चालान और प्रवर्तन कार्रवाई के साथ लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरीदाबाद यातायात पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना है। यातायात संबंधी सहायता के लिए 0129-2267201 या डायल-112 पर संपर्क किया जा सकता है।

