Faridabad/Alive News: सेक्टर-34 में एक महिला को बातों में उलझाकर उसके पहने हुए सोने के आभूषण उतरवाने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने आरोपी सागर (22), निवासी जे.जे. कॉलोनी, दिल्ली को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने की चेन, अंगूठी और दो कुंडल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार शिव कॉलोनी, पल्ला निवासी महिला ने थाना सराय ख्वाजा में शिकायत दी थी कि 9 जुलाई 2026 की शाम करीब पांच बजे वह घर से सराय की ओर जा रही थी। सेक्टर-34 के पास तीन युवकों ने उसे बातों में उलझा लिया। आरोप है कि उन्होंने महिला को बहला-फुसलाकर उसके गले की सोने की चेन, अंगूठी और दोनों कानों के कुंडल उतरवा लिए और आभूषण लेकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना सराय ख्वाजा में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मामले की जांच क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव को सौंपी गई। टीम ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से जांच करते हुए सागर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर महिला से लिए गए सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब दोनों अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी सागर के खिलाफ गुजरात में भी इसी तरह का एक मामला दर्ज है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। आरोपी को 11 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड मिलने के बाद रिमांड अवधि पूरी होने पर उसे दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

