August 17, 2026

5 रुपये के पुराने नोट को करोड़ों में बेचने का झांसा देकर 1.02 लाख की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

पुराने 5 रुपये के नोट के नाम पर साइबर ठगी मामले में पुलिस कार्रवाई

Faridabad/Alive News: पुराने 5 रुपये के नोट को करीब 1 करोड़ रुपये में खरीदने का झांसा देकर 1,02,267 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-8, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने फेसबुक पर पुराने सिक्के और नोट बेचने से संबंधित विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर आरोपियों ने खुद को एक एक्सचेंज-बायर कंपनी से जुड़ा बताया और शिकायतकर्ता के पुराने 5 रुपये के नोट को करीब 1 करोड़ रुपये में खरीदने का लालच दिया।

इसके बाद आरोपियों ने टैक्स, सिक्योरिटी और कस्टम फीस सहित अलग-अलग बहाने बनाकर शिकायतकर्ता से विभिन्न बैंक खातों में कुल 1,02,267 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने तकनीकी जांच और बैंक खातों में हुए लेन-देन की जानकारी के आधार पर मामले में विनोद निवासी डींग, जिला सिरसा को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 28,000 रुपये विनोद के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे।

प्रारंभिक जांच के अनुसार विनोद आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और वर्तमान में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है। पुलिस उससे पूछताछ कर ठगी की रकम के लेन-देन और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर पुराने नोट या सिक्कों को लाखों-करोड़ों रुपये में खरीदने के विज्ञापनों के झांसे में न आएं। टैक्स, सिक्योरिटी, कस्टम या रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और अपने बैंक को भी सूचना दें।