Faridabad/Alive News: जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छोटे बच्चों की पढ़ाई का स्तर जांचने के लिए आज से सावधिक आकलन-एक शुरू होगा। बालवाटिका-3 से क्लास चौथी तक के बच्चों की यह परीक्षा 21 अगस्त तक चलेगी। इसमें हिंदी, अंग्रेजी और गणित के साथ बच्चों की सुनने, बोलने और पढ़ने की क्षमता भी परखी जाएगी।
अलग-अलग क्लास की परीक्षा अलग दिन होगी। मंगलवार को बालवाटिका-3, पहली और दूसरी क्लास की अंग्रेजी और चौथी क्लास की हिंदी का आकलन होगा। 19 अगस्त को दूसरी और तीसरी क्लास के गणित और चौथी क्लास की हिंदी की मौखिक परीक्षा होगी। 20 अगस्त को पहली क्लास का गणित, दूसरी की हिंदी, तीसरी की अंग्रेजी और चौथी की गणित की परीक्षा होगी। वहीं, 21 अगस्त को पहली और तीसरी क्लास की हिंदी और चौथी क्लास की अंग्रेजी का आकलन किया जाएगा।
ऐप से जांचेंगे पढ़ने की क्षमता
क्लास तीसरी के हिंदी विषय में बच्चों के मौखिक पठन प्रवाह (ओआरएफ) की जांच निपुण हरियाणा टीचर ऐप के जरिए होगी। इससे यह देखा जाएगा कि बच्चा कितनी तेजी और कितनी अच्छी तरह पढ़ रहा है और पढ़ी हुई बात को कितना समझ पा रहा है। सामान्य स्कूलों में लिखित परीक्षा सुबह नौ से 11 बजे तक होगी। दूसरी शिफ्ट वाले स्कूलों में परीक्षा दोपहर एक से तीन बजे तक कराई जाएगी।

