Faridabad/Alive News: हरियाणा पुलिस की ओर से अपराधियों के खिलाफ 1 से 15 अगस्त तक चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अभियान के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में 597 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 16 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट भी खोली गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अभियान में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, एक्सटॉर्शन, लूट, डकैती, झपटमारी, अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई। गंभीर अपराधों में हत्या के 3, हत्या के प्रयास के 10, एक्सटॉर्शन के 8, लूट के 4, डकैती के 1 और झपटमारी के 8 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
शस्त्र अधिनियम के तहत 81 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 60 देसी कट्टे, 11 देसी पिस्टल, 40 कारतूस और 4 मैगजीन बरामद की गईं। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत 47 आरोपित गिरफ्तार हुए। इनके कब्जे से 56 ग्राम स्मैक, 13.969 किलोग्राम गांजा, 6,451 प्रतिबंधित टैबलेट्स, 382 कैप्सूल, 386 इंजेक्शन और 14.719 ग्राम MDMA बरामद किया गया।
अभियान के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने तीन साल से फरार चल रहे 5,000 रुपये के इनामी आरोपी नईम को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 ने 5,000 रुपये के इनामी विकास उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल और दो राउंड बरामद किए। उसके खिलाफ पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने बसंत, आकाश और योगेश को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, चार मैगजीन और 30 कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत वांछित और सक्रिय अपराधियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ की गई। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अभियान में क्राइम ब्रांच, स्पेशल यूनिट और थाना पुलिस की टीमों की भूमिका की सराहना की।

