August 17, 2026

आरटीआई में खुलासा: फॉर्म-6 तो जमा, लेकिन बैलेंस शीट गायब

Faridabad/Alive News: प्राइवेट स्कूलों की फीस और आय-व्यय के हिसाब को लेकर हरियाणा अभिभावक एकता मंच ने बड़ा सवाल उठाया है। उनका दावा है कि आरटीआई के तहत मिली जानकारी में फरीदाबाद के 36 निजी स्कूलों के फॉर्म-6 की कॉपी तो मिली, लेकिन इनके साथ ऑडिट बैलेंस शीट नहीं मिली। 

 मंच के जिला महासचिव एडवोकेट बीएस विरदी ने बताया कि प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा ने शिक्षा निदेशक पंचकूला कार्यालय से फरीदाबाद के 36 प्राइवेट स्कूलों के एकेडमिक सेशन 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के फॉर्म-6 व बैलेंस शीट की कॉपी मांगी थी। शिक्षा निदेशक कार्यालय ने डीईओ फरीदाबाद को जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 

मंच का आरोप है कि स्कूल ट्यूशन फीस के अलावा बिल्डिंग, डेवलपमेंट, सिक्योरिटी, इंश्योरेंस, मेडिकल, परीक्षा और अन्य जगह में भी फीस लेते हैं, लेकिन इनसे होने वाली आय का पूरा ब्योरा फॉर्म-6 में नहीं दिखाया जाता। 

प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट ओपी शर्मा और कैलाश शर्मा ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से मामले की जांच की मांग की है। साथ ही पिछले दस साल के निजी स्कूलों के खातों का ऑडिट कराने और नियमों के पालन की जांच कराने की भी मांग की है।