August 14, 2026

शराब ठेकेदार से 1.53 लाख की लूट का खुलासा, पूर्व कर्मचारी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में शराब ठेकेदार से 1.53 लाख रुपये की लूट के मामले में गिरफ्तार चार आरोपी

Faridabad/Alive News: थाना कोतवाली क्षेत्र में शराब ठेकेदार से करीब 1.53 लाख रुपये लूटने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, लूट की साजिश ठेकेदार के पूर्व कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने बताया कि NIT-2 निवासी चरण सिंह कन्हैया ने 16 जुलाई को पुलिस चौकी टाउन नंबर-2 में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता का डबुआ चौक पर शराब का ठेका है। 15/16 जुलाई की रात वह ठेके से करीब 1 लाख 53 हजार रुपये लेकर मोटरसाइकिल से घर जा रहा था।

जब वह NIT-2 के ई-ब्लॉक के पास पहुंचा, तो तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने कथित तौर पर कट्टा दिखाकर उसके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर अपराध शाखा सेक्टर-48 ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने 13 अगस्त को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान प्रिंस उर्फ राजा (23), रवि उर्फ रोहित उर्फ मोटा (24), अमित पाल (23) और अंकित उर्फ लप्पा (24) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी दिल्ली के सोनिया विहार क्षेत्र में रहते हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि प्रिंस उर्फ राजा पहले शिकायतकर्ता के शराब के ठेके पर काम करता था। उसे 8 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर रखा गया था। सैलरी को लेकर विवाद होने के बाद उसने नौकरी छोड़ दी थी। पुलिस के मुताबिक, प्रिंस को जानकारी थी कि ठेकेदार रोजाना बिक्री की रकम अपने साथ लेकर घर जाता है।

इसी जानकारी के आधार पर प्रिंस ने अपने साले अंकित उर्फ लप्पा के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। इसके बाद उसने अपने साथी रवि उर्फ रोहित उर्फ मोटा और अमित पाल को भी योजना में शामिल कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से पहले ठेकेदार की गतिविधियों की रेकी की थी।

पुलिस का कहना है कि वारदात के लिए आरोपियों ने दिल्ली के सोनिया विहार इलाके से एक मोटरसाइकिल भी चोरी की थी। आरोपियों ने इससे पहले भी लूट की कोशिश की थी, लेकिन उस समय वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद 15/16 जुलाई की रात उन्होंने ठेकेदार को रोककर कथित तौर पर कट्टा दिखाया और 1.53 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रवि उर्फ रोहित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, एक्साइज एक्ट और लड़ाई-झगड़े से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। वहीं प्रिंस उर्फ राजा के खिलाफ लड़ाई-झगड़े का एक मामला पहले से दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों से रिमांड के दौरान वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।