Faridabad/Alive News: अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने गाजीपुर क्षेत्र में छापेमारी कर 37 पेटी देसी शराब और 1 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में गाजीपुर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 14 अगस्त की रात क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम इलाके में गश्त और अपराधियों की धरपकड़ के लिए मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गाजीपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति बिना किसी वैध लाइसेंस या परमिट के खाली प्लॉट में अवैध शराब बेच रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और भूपेंद्र को काबू कर लिया। मौके की तलाशी लेने पर पुलिस को 37 पेटी पव्वे देसी शराब, मार्का मस्ताना और 1 पेटी पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पुलिस के सामने पेश नहीं कर सका।
इसके बाद थाना डबुआ में हरियाणा आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। बरामद शराब को पुलिस ने कब्जे में लेकर नियमानुसार जब्त कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी भूपेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसे एक अन्य व्यक्ति अवैध शराब उपलब्ध करवाता था। इसके बाद वह शराब को गाजीपुर इलाके में अवैध रूप से बेचता था। पुलिस अब शराब सप्लाई करने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी भूपेंद्र के खिलाफ पहले भी जुआ अधिनियम और आबकारी अधिनियम से संबंधित मामला दर्ज है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

