Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ऊंचा गांव और एवीटीएस (AVTS) सिकरौना की टीम ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पहले मामले में श्याम कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी एक महिला की शिकायत पर 26 जुलाई को थाना शहर बल्लभगढ़ में मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने कार्रवाई करते हुए संदीप को सेक्टर-3 बाईपास रोड के पास से चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दूसरे मामले में जवाहर कॉलोनी निवासी प्रियंका गिरी ने शिकायत दी थी कि 24 नवंबर 2025 को सेक्टर-24 से उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस संबंध में थाना मुजेसर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान एवीटीएस सिकरौना की टीम ने कासिम उर्फ नसीरू, निवासी गांव धौज, को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

