Faridabad/Alive News: थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों के स्वस्थ जीवन और लंबी आयु की कामना के उद्देश्य से फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया (रजि.), फरीदाबाद की ओर से सेरेमनी होटल एंड बैंक्वेट्स में विश्व प्रसिद्ध भजन गायक सुनील ध्यानी और मंजीत ध्यानी द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम से बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में समाजसेवक मोहन सिंह भाटिया और अनीता जैन ने भजन गायकों सुनील ध्यानी और मंजीत ध्यानी का शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए इनरव्हील डिस्ट्रिक्ट 301 से अनीता जैन, अमिता सिंह, संगीता सिंह, संदीपिका वशिष्ठ, संजना गर्ग, ललिता शर्मा, सुषमा सेतिया सहित कई समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली साउथ सेंट्रल की प्रधान रोटेरियन शशि अग्रवाल की ओर से भेजे गए उपहार थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। वहीं संस्था के सहयोगी डॉ. आई.के. बंसल के पुत्र हृदयांश का जन्मदिन भी बच्चों के साथ सादगी और सेवा भावना के साथ मनाया गया।
फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया के महासचिव रविन्द्र डुडेजा ने लोगों को थैलेसीमिया के कारणों, बचाव, समय पर रक्त चढ़ाने की आवश्यकता और नियमित रक्तदान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विवाह से पहले और गर्भावस्था के दौरान थैलेसीमिया की जांच कराना इस बीमारी की रोकथाम का सबसे प्रभावी तरीका है। साथ ही उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को नया जीवन दे सकता है।
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया (रजि.) के प्रधान बी. दास गुलाटी और जे. के. भाटिया ने सभी भजन प्रेमियों, अतिथियों, समाजसेवियों, सहयोगियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग और सेवा भावना से ही थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों का भविष्य सुरक्षित और खुशहाल बनाया जा सकता है।

