Faridabad/Alive News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में रियल एस्टेट कर्मचारी अरुण हुड्डा (30) की गोली मारकर हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि जमीन के सौदे में ₹2 लाख के विवाद के चलते एक रिश्तेदार ने सुपारी देकर उनकी हत्या करवाई। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, अरुण और आरोपी के बीच कुछ समय पहले जमीन के सौदे को लेकर विवाद हुआ था। इसी के बाद दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई।
अरुण फरीदाबाद की एक प्रॉपर्टी एजेंसी में काम करता था। उसने करीब तीन महीने पहले ही नौकरी शुरू की थी। चार साल पहले उसने हापुड़ निवासी राखी से लव मैरिज की थी। परिवार में पत्नी, एक बच्चा, माता-पिता और छोटा भाई हैं। वह मूल रूप से फरीदाबाद के दयालपुर गांव का रहने वाला था।
परिवार के अनुसार, 26 जुलाई को अरुण अपनी पत्नी और बच्चे के साथ वाराणसी से लौट रहा था। रास्ते में वह कोल्ड ड्रिंक और चिप्स लेने के लिए रुका। इसी दौरान बदमाश वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार सुबह दयालपुर गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक के भतीजे ने आरोप लगाया कि हत्या की साजिश उसी व्यक्ति ने रची, जो पहले अरुण के साथ प्रॉपर्टी का काम करता था। उसके अनुसार, गांव के 400 गज के एक प्लॉट के सौदे को लेकर दोनों के बीच ₹2 लाख का विवाद था। आरोप है कि प्लॉट किसी दूसरे व्यक्ति को बेच देने से अरुण के पैसे फंस गए थे और इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।
परिजनों का यह भी दावा है कि जब अरुण परिवार के साथ वाराणसी के लिए निकला, तभी से आरोपी उसका पीछा कर रहे थे। घटना के समय पत्नी बच्चे के लिए सामान लेने दुकान पर गई हुई थी। तभी कार से आए दो बदमाश अरुण के पास पहुंचे और उसकी कनपटी पर दो तथा कंधे पर एक गोली मारकर फरार हो गए।
पत्नी की शिकायत पर कादरी गेट थाने में एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

