Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में एक ही रात चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में हुई, जहां बदमाशों ने गैस कटर से एटीएम काटकर करीब 5.5 लाख रुपये की नकदी चुरा ली। वहीं दूसरी घटना में चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़कर 25 हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली वारदात सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में जेसीबी कंपनी के सामने स्थित कॉलोनी में लगे हिताची एटीएम पर हुई। देर रात बदमाश गैस कटर की मदद से एटीएम को काटकर उसके अंदर रखी करीब 5.5 लाख रुपये की नकदी निकालकर फरार हो गए। सुबह स्थानीय लोगों ने एटीएम को क्षतिग्रस्त देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
इसी रात शहर के दूसरे इलाके में चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाया। बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 25 हजार रुपये की नकदी के साथ कुछ सामान चोरी कर ले गए। सुबह दुकान मालिक जब दुकान खोलने पहुंचा तो शटर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों चोरी की वारदातों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

