July 28, 2026

यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन की संपत्ति पर विवाद, बेलारूस की डेंटिस्ट कारिना शुलियाक सबसे बड़ी दावेदार

जेफ्री एपस्टीन और बेलारूस की डेंटिस्ट कारिना शुलियाक से जुड़े संपत्ति विवाद की सांकेतिक तस्वीर।

International/Alive News: अमेरिका के चर्चित यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन की मौत के सात साल बाद भी उसकी करोड़ों डॉलर की संपत्ति को लेकर विवाद जारी है। अमेरिकी जांच एजेंसियों के सामने आए नए दस्तावेजों में दावा किया गया है कि बेलारूस की डेंटिस्ट डॉ. कारिना शुलियाक उसकी संपत्ति की सबसे बड़ी दावेदार हो सकती हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, एपस्टीन ने अपनी वसीयत में कारिना शुलियाक के नाम बड़ी संपत्ति और 33 कैरेट की हीरे की अंगूठी छोड़ी थी। बताया गया है कि 10 अगस्त 2019 को जेल में मौत से पहले एपस्टीन ने आखिरी फोन कॉल भी कारिना को ही किया था।

जांच में सामने आए दस्तावेजों में एपस्टीन और कारिना के बीच हजारों निजी ईमेल और कई तस्वीरें भी शामिल हैं। इनसे पता चलता है कि दोनों करीब आठ साल तक एक-दूसरे के संपर्क में रहे। हालांकि, कारिना ने कभी खुद को एपस्टीन की पीड़िता नहीं बताया और एफबीआई ने भी उनसे इस मामले में पूछताछ नहीं की।

2011 में हुई थी पहली मुलाकात

रिकॉर्ड के मुताबिक, कारिना शुलियाक की मुलाकात 2011 में जेफ्री एपस्टीन से हुई थी। उस समय वह 21 वर्ष की थीं और डेंटिस्ट की पढ़ाई के लिए स्टूडेंट वीजा पर अमेरिका आई थीं। शुरुआती मुलाकातों में एपस्टीन ने उन्हें महंगे तोहफे दिए और पढ़ाई में आर्थिक मदद का प्रस्ताव रखा।

पढ़ाई और खर्च में की मदद

दस्तावेजों के अनुसार, एपस्टीन ने कारिना की डेंटल शिक्षा का खर्च उठाया और उन्हें कई वर्षों में लगभग 10 लाख डॉलर दिए। उसने उनके परिवार की भी आर्थिक मदद की। जांच रिकॉर्ड में यह भी दावा किया गया है कि कारिना बाद में एपस्टीन की संपत्तियों और कर्मचारियों के प्रबंधन में भी सहयोग करने लगी थीं।

ग्रीन कार्ड के लिए कथित फर्जी शादी

अमेरिकी न्याय विभाग के दस्तावेजों में दावा किया गया है कि अमेरिका में स्थायी रूप से रहने के लिए एपस्टीन ने कारिना की शादी अपनी एक महिला कर्मचारी से कराई थी, ताकि उन्हें ग्रीन कार्ड मिल सके। बाद में कारिना को अमेरिकी नागरिकता मिल गई और कुछ समय बाद उनका तलाक हो गया। इस मामले को लेकर अमेरिकी सांसदों ने इमिग्रेशन सिस्टम के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया था।

मौत से पहले बदली थी वसीयत

जुलाई 2019 में गिरफ्तारी के बाद एपस्टीन ने जेल से कारिना से फोन पर बात की थी। अगले दिन वह न्यूयॉर्क की जेल में मृत पाया गया। अधिकारियों ने उसकी मौत को आत्महत्या बताया था।

जांच दस्तावेजों के मुताबिक, मौत से पहले एपस्टीन ने अपनी वसीयत में बदलाव कर अपनी बड़ी संपत्ति का हिस्सा कारिना शुलियाक के नाम करने का उल्लेख किया था। इसी कारण अब संपत्ति को लेकर कानूनी विवाद फिर चर्चा में है।