July 27, 2026

बिना फिटनेस और परमिट वाली स्कूल बसों पर परिवहन विभाग सख्त, स्कूलों को नोटिस

Noida/Alive News: जिले में बिना फिटनेस और परमिट के संचालित हो रही स्कूल बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने ऐसे स्कूलों को नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी है कि यदि बिना वैध दस्तावेजों के बसें सड़क पर संचालित मिलीं तो संबंधित स्कूल की मान्यता रद्द करने की संस्तुति की जाएगी।

एआरटीओ (प्रवर्तन) उदित नारायण ने बताया कि विभाग का उद्देश्य छात्रों का सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे समय-समय पर बच्चों से पूछें कि बस चालक ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल तो नहीं करता, शराब के नशे में वाहन तो नहीं चलाता, ओवरस्पीडिंग तो नहीं करता और बस को किसी असुरक्षित स्थान पर तो नहीं रोकता। 

उन्होंने बताया कि स्कूल बस चालकों की आंखों और स्वास्थ्य की जांच सीएमओ के माध्यम से कराई जा रही है। साथ ही स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए एक अगस्त को जिला विद्यालय में जिला परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित होगी। जिले में तीन हजार से अधिक स्कूल बसें संचालित हैं। इनमें 51 बसों की फिटनेस और 18 बसों के परमिट की अवधि समाप्त हो चुकी है। संबंधित स्कूलों, थाना क्षेत्रों और डीसीपी ट्रैफिक को नोटिस भेज दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर बसें संचालित होने पर संबंधित स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।