Karnataka/Alive News: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने घोषणा की है कि वह 2028 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह राजनीति से संन्यास नहीं ले रहे हैं और जनता के मुद्दों के लिए सक्रिय रहेंगे।
मंड्या जिले के के.आर. पेट में आयोजित एक कार्यक्रम में सिद्धारमैया ने कहा कि आज की राजनीति पूरी तरह भ्रष्ट हो चुकी है और ईमानदार राजनीति के लिए जगह बहुत कम बची है।
उन्होंने कहा कि उनकी उम्र अब 79 साल हो चुकी है। 2028 तक वह 81-82 साल के हो जाएंगे और स्वास्थ्य भी पहले जैसा नहीं रहा। ऐसे में पहले जैसी ऊर्जा के साथ चुनाव लड़ना और काम करना संभव नहीं होगा।
सिद्धारमैया ने बताया कि वरुणा विधानसभा क्षेत्र के लोग उनसे दोबारा चुनाव लड़ने की अपील कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने फैसला कर लिया है कि अब वह कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि पहले चुनाव के समय जनता नेताओं की मदद करती थी, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। अब चुनाव लड़ने के लिए नेताओं को ही लोगों पर पैसा खर्च करना पड़ता है। इसी वजह से उन्होंने भविष्य में चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने 1978 में तालुक बोर्ड सदस्य के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। पिछले लगभग 50 वर्षों में उन्होंने जीत और हार दोनों देखी हैं, लेकिन कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि आगे भी उनका जीवन जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेगा।
गौरतलब है कि दो महीने पहले सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद छोड़ा था, जिसके बाद डी.के. शिवकुमार ने कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली।

