Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में नगर निगम के ठेकेदारों ने लंबित भुगतान को लेकर एक बार फिर चिंता जताई है। कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन फरीदाबाद का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम मुख्यालय पहुंचा और अपनी मांगों को लेकर नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन उनके निजी सहायक को सौंपा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 22 जून 2026 को नगर निगम आयुक्त से हुई बैठक में जल्द भुगतान का आश्वासन मिला था, लेकिन लगभग तीन सप्ताह बाद भी भुगतान नहीं हुआ है।
ठेकेदारों का कहना है कि पिछले 3 से 4 महीनों से करोड़ों रुपये के बिल लंबित हैं। भुगतान नहीं मिलने से मजदूरों की मजदूरी, निर्माण सामग्री के बिल और अन्य जरूरी खर्चों का भुगतान करना मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो शहर में चल रहे कई विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं और कुछ परियोजनाओं का काम भी रुक सकता है।
ज्ञापन में ठेकेदारों ने मांग की है कि सभी लंबित बिलों का जल्द भुगतान किया जाए। जिन कार्यों की विभागीय जांच और टेस्टिंग पूरी हो चुकी है, उनके बिल बिना किसी देरी के जारी किए जाएं। साथ ही भविष्य में होने वाले कार्यों की टेस्टिंग प्रक्रिया को पारदर्शी और सार्वजनिक बनाया जाए, ताकि ठेकेदारों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते हुए कहा कि समय पर भुगतान होने से विकास कार्यों की रफ्तार बनी रहेगी और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं समय पर मिल सकेंगी।

