July 9, 2026

फरीदाबाद समाधान शिविर में 11 शिकायतें पहुंचीं, अधिकारियों को जल्द निस्तारण के निर्देश

फरीदाबाद के समाधान शिविर में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए सीटीएम अंकित कुमार।

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के निर्देश पर फरीदाबाद जिला प्रशासन द्वारा आयोजित समाधान शिविर में गुरुवार को कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता सीटीएम अंकित कुमार ने की।

सीटीएम अंकित कुमार ने बताया कि प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक 5 शिकायतें नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ) से संबंधित थीं। इसके अलावा फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की 2 शिकायतें, शिक्षा विभाग (प्राथमिक) की 1, शिक्षा विभाग (माध्यमिक) की 1, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की 1 तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की 1 शिकायत दर्ज की गई।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

सीटीएम अंकित कुमार ने नागरिकों से अपील की कि जिन लोगों की पारिवारिक पहचान पत्र (PPP) में जन्म तिथि का सत्यापन लंबित है या जन्म तिथि में कोई गलती है, वे उसके सुधार के लिए समाज कल्याण विभाग के संबंधित कार्यालय में संपर्क करें।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार और वीरवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सेक्टर-12 लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित किया जाता है, जहां आम नागरिक अपनी समस्याएं रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में लोगों की बढ़ती भागीदारी प्रशासन पर उनके विश्वास को दर्शाती है।

इस दौरान डीडीपीओ प्रामिन्द्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।