Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे बारिश या किसी अन्य कारण से देरी न करते हुए 10 जुलाई तक अपना एन्यूमरेशन फॉर्म आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा कर दें।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न (SIR)-2026 अभियान के तहत जिले में मतदाता सूची को सही, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और सुपरवाइजर घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और फॉर्म भरने व जमा कराने में सहायता भी कर रहे हैं।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि यह अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत और पारदर्शी बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई है, लेकिन अंतिम समय तक इंतजार करना ठीक नहीं है।
उन्होंने बताया कि आखिरी दिनों में सर्वर पर अधिक लोड, तकनीकी समस्याएं, दस्तावेजों की कमी या अन्य कारणों से लोगों को परेशानी हो सकती है। इसलिए सभी मतदाता समय रहते अपना फॉर्म जमा करें ताकि सत्यापन और डिजिटलीकरण का कार्य आसानी से पूरा किया जा सके।
उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर जल्द से जल्द एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने और मतदाता सूची को अपडेट करने के इस अभियान में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की हर संभव सहायता के लिए पूरी तरह तैयार है।

