July 5, 2026

Noida: गौतमबुद्ध नगर में ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, सात  वाहन सीज 

Noioda/Alive News: गौतमबुद्ध नगर में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे सात ट्रक और डंपरों को पकड़कर उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की गई। साथ ही कुल 8.50 लाख रुपये का शुल्क भी वसूला गया।

कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर सड़क सुरक्षा अभियान के तहत की गई। अभियान का नेतृत्व कर रहे एआरटीओ डॉ. उदित नारायण पाण्डेय ने बताया कि ओवरलोड वाहन सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। अधिक भार होने से वाहनों के ब्रेक फेल होने, पलटने और सड़क को नुकसान पहुंचाने की आशंका बढ़ जाती है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित होती है।

उन्होंने कहा कि जिले में परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। भविष्य में भी ओवरलोडिंग, बिना परमिट तथा फिटनेस मानकों का उल्लंघन करने वाले व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ शून्य-सहनशीलता की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।