Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग सेल और थाना सेक्टर-8 बल्लभगढ़ की टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सीही में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान करीब 400 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं को महिलाओं के विरुद्ध अपराध, बाल विवाह निषेध कानून और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों से बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
थाना सेक्टर-8 के प्रभारी निरीक्षक राजबीर ने साइबर अपराधों से बचाव, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में नशा मुक्ति पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई और विद्यार्थियों को आपातकालीन हेल्पलाइन 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 1091, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा MANAS ऐप की जानकारी भी दी गई।

