Faridabad/Alive news: धौज थाना क्षेत्र के सिरोही-बीजोपुर रोड पर स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या के प्रयास के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-56 ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी और स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को गांव धौज और सिरोही के दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान गांव सिरोही निवासी सद्दीक उर्फ शहनाज को स्कॉर्पियो से टक्कर मार दी गई थी। इस मामले में घायल के भाई की शिकायत पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था। वहीं दूसरी ओर धौज निवासी असलम और नसीफ के साथ मारपीट को लेकर क्रॉस केस भी दर्ज किया गया।
जांच अपराध शाखा सेक्टर-56 को सौंपी गई। टीम ने पहले मुख्य आरोपी और स्कॉर्पियो चालक तहसीन को गिरफ्तार किया। इसके बाद लगातार दबिश देकर घटना में शामिल वसीम और असलम, दोनों निवासी धौज, को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने असलम को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि तहसीन और वसीम को पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

