Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में नागरिकों की विभिन्न समस्याएं सुनी गईं। शिविर की अध्यक्षता सीटीएम अंकित कुमार ने की। इस दौरान प्राप्त सभी शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सीटीएम अंकित कुमार ने बताया कि शिविर में कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सबसे अधिक 6 शिकायतें सीआरआईडी (CRID) और 6 शिकायतें पुलिस विभाग से संबंधित थीं। इसके अलावा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएनएल) की 4, नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ) की 3, सहकारी समितियां विभाग की 2 तथा बैंकिंग सेवाओं और राजस्व विभाग की 1-1 शिकायत दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया है और उनके समयबद्ध समाधान की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि लोगों की समस्याओं का जल्द निस्तारण हो सके।
सीटीएम ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः दस बजे से दोपहर बारह बजे तक लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित किया जाता है। उन्होंने नागरिकों से इन शिविरों का लाभ उठाकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की।

