Faridabad/Alive News:फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित पंचशील कॉलोनी में महिला की हत्या के मामले में अपराध शाखा DLF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को वृंदावन से पकड़कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। फिलहाल पुलिस उससे मामले में गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून को पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ था। जांच में सामने आया कि महिला अक्सर दिल्ली में रहने वाली अपनी बहन के घर चली जाती थी और कई दिनों तक वहीं रहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था।
घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। पुलिस जांच के अनुसार, विवाद के दौरान गुस्से में पति ने पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को हादसा दिखाने के लिए उसने शव को बाथरूम में ले जाकर सिर पानी में डुबो दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मृतका के पिता विजय प्रसाद, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार), की शिकायत पर 26 जून को थाना पल्ला में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद अपराध शाखा DLF लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। आखिरकार 1 जुलाई को उसे वृंदावन से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। रिमांड के दौरान पुलिस घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने का भी प्रयास करेगी।

