July 2, 2026

हर पात्र बच्चे के पास आधार, जन्म प्रमाण-पत्र और आयुष्मान कार्ड हो: दीप भाटिया

हरियाणा मानवाधिकार आयोग के सदस्य दीप भाटिया ने फरीदाबाद स्थित एसओएस चिल्ड्रन्स विलेज का निरीक्षण किया।

Faridabad/Alive News: हरियाणा मानवाधिकार आयोग के सदस्य दीप भाटिया ने फरीदाबाद के सेक्टर-29 स्थित एसओएस चिल्ड्रन्स विलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, पुनर्वास और संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।

बैठक में दीप भाटिया ने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे के पास आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र और आयुष्मान भारत कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज होना अनिवार्य है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र बच्चों के दस्तावेज जल्द तैयार कराए जाएं, ताकि कोई भी बच्चा सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। साथ ही नियमित खेल गतिविधियों, परामर्श सेवाओं और बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों की सफल हस्तियों से जोड़ने पर भी जोर दिया, ताकि उन्हें बेहतर मार्गदर्शन और प्रेरणा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान दीप भाटिया ने संस्थान की ‘ग्रीन अर्थ इनिशिएटिव’ की सराहना की। उन्होंने स्थानीय और पर्यावरण के अनुकूल पौधे लगाने की सलाह देते हुए पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस अवसर पर संस्थान परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मिलने वाला सरकारी अनुदान अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर दीप भाटिया ने चिंता जताते हुए कहा कि बाल एवं नारी संरक्षण संस्थानों तथा वृद्ध और कुष्ठ आश्रमों को सरकारी अनुदान समय पर मिलना चाहिए, ताकि उनके संचालन और बच्चों के कल्याण से जुड़ी गतिविधियां प्रभावित न हों।