September 23, 2026

एचटेट-2026: परीक्षार्थियों के लिए बल्लभगढ़ और एनआईटी रूट पर चलेंगी विशेष बसें

एचटेट-2026 के दौरान फरीदाबाद में परीक्षार्थियों के लिए विशेष बस सेवा की व्यवस्था।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने विशेष परिवहन व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों की समय पर और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बल्लभगढ़ और एनआईटी रूट पर विशेष बसों का संचालन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिले में चार जुलाई को दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक पीजीटी (लेवल-3) की परीक्षा आयोजित होगी। वहीं पांच जुलाई को प्रातः दस बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे तक टीजीटी (लेवल-2) तथा दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक पीआरटी (लेवल-1) की परीक्षा होगी।

उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए उपायुक्त कार्यालय के कक्ष संख्या-213 में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी 0129-2227934 पर संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की कि वे परीक्षा के दिन समय से पहले घर से निकलें और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई विशेष बस सेवा का अधिकतम लाभ उठाएं, ताकि बिना किसी परेशानी के समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें।

उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को रास्ते में किसी प्रकार की समस्या आती है या परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में देरी होने की आशंका हो, तो वह तुरंत आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकता है। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की टीमें ऐसे मामलों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगी, ताकि कोई भी अभ्यर्थी परिवहन संबंधी कठिनाई के कारण परीक्षा से वंचित न रहे।